भारी बारिश-बाढ़ की स्थिति पर CM साय ने की समीक्षा, प्रभावित परिवारों तक जल्द सहायता पहुंचाने के निर्देश
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में विगत दिनों हुई भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि भारी बारिश के कारण प्रदेश के 17 जिलों के 500 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। इनमें बस्तर संभाग के जिलों पर बारिश और बाढ़ का अधिक प्रभाव पड़ा है।
क्षति का सर्वे जल्द पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को जनहानि, मकानों, पशुधन, अनाज और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावित परिवारों तक सहायता राशि जल्द से जल्द पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नुकसान के आकलन से लेकर सहायता राशि के वितरण तक पूरी प्रक्रिया संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ पूरी की जानी चाहिए, ताकि संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके।

राहत और स्वास्थ्य शिविरों में सुविधाओं पर जोर
CM साय ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत शिविरों और स्वास्थ्य शिविरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को प्राथमिकता देने तथा हैंडपंपों का क्लोरीनीकरण कराने को कहा।
साथ ही नागरिकों को पानी उबालकर पीने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए, ताकि बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
सरकार प्रभावित परिवारों के साथ : CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को यह भरोसा होना चाहिए कि सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है। राहत और पुनर्वास से जुड़े प्रत्येक कार्य में मानवीय संवेदना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय योगदान देने वाले स्व-सहायता समूहों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कलेक्टरों को ऐसे समूहों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की जल्द होगी मरम्मत
मुख्यमंत्री ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक अधोसंरचनाओं का आकलन कर इसकी जानकारी तत्काल शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षति की जानकारी मिलने के बाद मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की कार्रवाई शीघ्र शुरू की जाए।
इसके अलावा पात्र प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना परिवारों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने योजना के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए वेंडर्स की संख्या बढ़ाने, सोलर दीदियों को प्रोत्साहित करने और हितग्राहियों के लिए ऋण की उपलब्धता आसान बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सब्सिडी का अधिक से अधिक पात्र परिवार लाभ उठा सकें, इसके लिए जिलों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के साथ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जरूरी है।
