छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा को बताया पैन इंडिया पार्टी“एक देश, एक पार्टी, एक विजन” का संदेश, विविधता में एकता पर जोर

नई दिल्ली/रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपस्थिति और संगठनात्मक मजबूती को रेखांकित करते हुए एक महत्वपूर्ण संदेश साझा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, “एक देश। एक पार्टी। एक विजन।”

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत के हर कोने से भाजपा की नेतृत्व उभर रही है और भारतीय जनता पार्टी अकेली ऐसी राजनीतिक शक्ति है जिसका वास्तविक अर्थों में पैन इंडिया चरित्र है। उन्होंने जोर दिया कि विविधताओं से भरे देश में भाजपा अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और क्षेत्रों के बावजूद अपने उद्देश्य और विचारधारा में पूरी तरह एकजुट है।

सीएम साय के इस बयान को भाजपा के संगठनात्मक ढांचे, नेतृत्व विकास की प्रक्रिया तथा विविधता में एकता के सिद्धांत को जमीन पर उतारने की सफलता से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी लगातार इस बात पर बल देती रही है कि उसका नेतृत्व किसी एक क्षेत्र या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर राज्य, हर समाज और हर समुदाय से नई पीढ़ी के नेता सामने आ रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्वीट ऐसे समय में आया है जब राष्ट्रीय स्तर पर संगठन और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हैं। भाजपा खुद को उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक फैले जनाधार वाली राष्ट्रव्यापी पार्टी के रूप में प्रस्तुत करती रही है। मुख्यमंत्री साय का बयान इसी राजनीतिक नैरेटिव को और मजबूती प्रदान करता है।

छत्तीसगढ़ के संदर्भ में भी यह संदेश अहम माना जा रहा है। विष्णुदेव साय स्वयं आदिवासी समाज से आने वाले नेता हैं और उनके मुख्यमंत्री बनने को भाजपा की समावेशी राजनीति तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों से नेतृत्व को आगे लाने की नीति का उदाहरण माना जाता है।

About The Author