छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भर्ती परीक्षाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा की, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराना था।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवा कठिन परिश्रम से परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, इसलिए उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी ढंग से आयोजित की जाएं और परीक्षा प्रणाली को वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रक्रिया में किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए पारदर्शिता बढ़ाने के उपायों पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में सुधार को सरकार की शीर्ष प्राथमिकता बताया, जिससे प्रणाली अधिक सरल, न्यायोचित और समयबद्ध बनेगी। बैठक में पुलिस बल सहित विभिन्न विभागों की चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई और चयन प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश जारी किए गए।

बैठक में समान अहर्ता वाले पदों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग परीक्षाएं आयोजित करने की मौजूदा व्यवस्था पर चर्चा हुई। समान पात्रता वाले पदों के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा आयोजित करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ विभागों को समय पर मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।

पीएससी की परीक्षा प्रणाली को अधिक समकालीन, पारदर्शी और अभ्यर्थी हितैषी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम को वर्तमान आवश्यकताओं एवं समसामयिक विषयों के अनुरूप प्रासंगिक बनाने पर भी विचार विमर्श किया गया।

About The Author