चंडालपुर का नाम अब हुआ चंदनपुर, शासन ने जारी की अधिसूचना, ग्रामीणों में हर्ष

कवर्धा। कबीरधाम जिले के एक छोटे से गांव ने अपनी पुरानी पहचान को पीछे छोड़ते हुए नया नाम हासिल कर लिया है। पीढ़ियों से चंडालपुर नाम के कारण असहजता झेल रहे इस गांव को अब शासन ने आधिकारिक रूप से चंदनपुर का नाम दे दिया है। राज्य शासन द्वारा राजपत्र में इस संबंध में अधिसूचना प्रकाशित होने के बाद गांव में उत्सव का माहौल है।

जैसे ही ग्रामीणों को नाम परिवर्तन की जानकारी मिली, सभी ने एकजुट होकर खुशी मनाई। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में गांव का नाम बताने पर उन्हें अक्सर शर्मिंदगी और उपहास का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बेटे-बेटियों के विवाह संबंधों के दौरान गांव के नाम के कारण कई बार असहज स्थितियां निर्मित होती थीं। अब नया नाम मिलने से ग्रामीणों ने गर्व और आत्मसम्मान की अनुभूति व्यक्त की है।

ग्रामीणों ने इस निर्णय के लिए स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा कर सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान किया है। नाम बदलने के बाद अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि गांव की पहचान बदलने के साथ ही यहां मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों में भी तेजी आएगी।

About The Author