चंदौली: 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल और उसका सहयोगी गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई
चंदौली। जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र में सोमवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) वाराणसी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक रिपोर्ट लगाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लेखपाल और उसके एक निजी सहयोगी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सकलडीहा तहसील में तैनात लेखपाल पंकज कुमार पर आरोप है कि उसने एक कार्य की रिपोर्ट लगाने के एवज में पीड़ित से 10 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही लेखपाल ने अपने निजी साथी सुखवीर के माध्यम से तहसील परिसर के पास रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम दोनों आरोपियों को लेकर मुगलसराय कोतवाली पहुंची। मुगलसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी लेखपाल पंकज कुमार और उसके सहयोगी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है और विभागीय स्तर पर भी जांच की संभावना जताई जा रही है।
