जबलपुर में सेंट्रल जीएसटी कार्यालय पर सीबीआई की रेड, इंस्पेक्टर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में बुधवार को सीबीआई की छापामार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। गौरी घाट रोड स्थित जीएसटी कार्यालय में की गई इस कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने इंस्पेक्टर सचिन खरे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 10 से 12 अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर सचिन खरे ने होटल व्यवसायी विवेक त्रिपाठी के ओयो ट्रांजैक्शन को लेकर आपत्ति जताई थी और करीब एक करोड़ रुपये की रिकवरी निर्धारित की थी। मामले को निपटाने के लिए इंस्पेक्टर ने 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बुधवार को चार लाख रुपये लेते समय सीबीआई की टीम ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।

होटल व्यवसायी ने रिश्वत मांगने की शिकायत पहले ही सीबीआई से की थी, जिसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान सेंट्रल जीएसटी कार्यालय के असिस्टेंट कमिश्नर विवेक वर्मा सहित अन्य स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।

सीबीआई की टीम डिवीजन कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि जबलपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में इनकम टैक्स और जीएसटी की टीमें विभिन्न कारोबारियों के ठिकानों पर कार्रवाई कर रही हैं, इसी बीच सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में सीबीआई की रेड से शहर में सनसनी फैल गई है।

About The Author