मनेन्द्रगढ़ में यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, कन्या विवाह के 54 जोड़े घायल

मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जनकपुर से रतनपुर जा रही एक निजी बस नागपुर रेलवे स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इस बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े सवार थे। हादसे में बस में सवार सभी यात्री घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गा ट्रेवल्स की बस तेज रफ्तार में थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में उतर गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई है, हालांकि कुछ जोड़ों को गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी की पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक और परिचालक की तलाश शुरू कर दी है। सामूहिक विवाह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जा रहे इतने बड़े समूह के साथ हुए इस हादसे ने परिवहन सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

About The Author