बिलासपुर में हनुमान जयंती रैली के दौरान दो गुटों में खूनी संघर्ष, आधा दर्जन लोग घायल
बिलासपुर: शहर के टिकरापारा स्थित डीपी कॉलेज के पास गुरुवार रात हनुमान जयंती की रैली के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस विवाद में जमकर पत्थरबाजी हुई और लाठी, डंडे व बेल्ट का उपयोग किया गया। मारपीट और पथराव की इस घटना में एक महिला सहित दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिटी कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे रवींद्र नाथ टैगोर चौक से मोहल्ले के लोग रैली निकाल रहे थे। जब रैली डीपी कॉलेज के पास पहुंची, तभी अचानक पथराव शुरू हो गया। कुछ युवकों ने लाठी-डंडों और बेल्ट से रैली पर हमला कर दिया। इस मामले में टिकरापारा निवासी वेदमति गोस्वामी की शिकायत पर अमन खटीक, सुमीत, रितीक, आयुष, अभी, चुन्नी और चंदन खटीक के विरुद्ध बलवा का केस दर्ज किया गया है। हमले में वेदमति के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि अंकुश यादव, कुणाल रजक और अजय साहू भी घायल हुए हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से सुजल खटीक ने अंकुश यादव, राहुल गोस्वामी, आदर्श और अजय के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुजल का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते बस स्टैंड के पास अंकुश और उसके साथियों ने उसे व उसकी दादी पप्पू खटीक को घेरकर डंडे और नुकीली चीज से हमला किया, जिससे उसके सिर, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मुलाहिजा कराया है। घटना के बाद क्षेत्र में व्याप्त तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अन्य संदिग्धों की पहचान करने और मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की है।
