बिलासपुर लूटकांड का खुलासा: सराफा व्यापारी से लूट के साथ भाजपा पार्षद की हत्या की थी साजिश

बिलासपुर। शहर के बहुचर्चित महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। गिरफ्तार सात आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि वे केवल लूट के इरादे से नहीं, बल्कि शहर में कांट्रेक्ट किलिंग और अन्य बड़ी वारदातों को अंजाम देने आए थे। आरोपियों ने भाजपा पार्षद और थोक सब्जी व्यापारी बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी ली थी और इसके अलावा तीन अन्य स्थानों पर भी लूट व सेंधमारी की योजना बनाई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले का विवरण देते हुए बताया कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड शहर का ही एक बदमाश नारद श्रीवास है। नारद ने उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से शूटरों को बुलाया था। पूछताछ में पता चला कि आरोपी राजू सोनकर नामक व्यक्ति ने पार्षद बंधु मौर्य से विवाद के चलते उनकी हत्या के लिए 25 लाख रुपये का सौदा किया था, जिसमें से 6 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। आरोपियों ने पार्षद पर हमले का प्रयास भी किया था, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।

इसके बाद आरोपियों ने शहर के एक होटल व्यवसायी को लूटने और सदर बाजार की एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी की भी योजना बनाई थी। अंततः 17 फरवरी को आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी की कार को टक्कर मारकर उनसे लूटपाट की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लूट का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। मामले में अब तक सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और अन्य कड़ियों की जांच जारी है।

About The Author