मंगला में 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी बड़ी सौगात

बिलासपुर। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को बिलासपुर के मंगला स्थित माता चौरा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से मंगला सहित आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

डिप्टी सीएम अरुण साव की बड़ी घोषणाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। आने वाले समय में शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि नागरिकों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।

समय पर विकास कार्य पूरे करना सरकार की कार्य संस्कृति: तोखन साहू

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विकास को मिशन मोड में आगे बढ़ा रही है। अब केवल भूमिपूजन तक सीमित न रहकर विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सड़क, रेलवे, पेयजल और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। रेलवे विस्तार, स्टेशनों के आधुनिकीकरण और अन्य परियोजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों को मिलेगा।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला ने भी विकास कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author