बीजापुर: भीषण गर्मी में कबाड़ हो रहे वाटर कूलर, जिम्मेदार मौन
बीजापुर। जिला मुख्यालय बीजापुर में आम जनता की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर देखरेख के अभाव में लंबे समय से खराब पड़े हैं। बढ़ती गर्मी के साथ पेयजल की समस्या गहराने लगी है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा इन्हें दुरुस्त करने के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। मार्च का महीना बीतने को है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, फिर भी जिम्मेदार अधिकारी केवल जल्द सुधार का आश्वासन दे रहे हैं।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय के मुख्य मार्गों और नए बस स्टैंड सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल पांच वाटर कूलर स्थापित किए गए थे। वर्तमान में नया बस स्टैंड, सी-मार्ट, इंद्रा मार्केट और कलेक्टर कार्यालय जैसी व्यस्त जगहों पर लगी ये मशीनें मेंटेनेंस न होने के कारण कबाड़ में तब्दील हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग का सवाल भी खड़ा हो रहा है।
नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधियों ने इस विषय पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि परिषद की बैठकों में कई बार खराब वाटर कूलरों का मुद्दा उठाया गया, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जनप्रतिनिधियों के अनुसार, मशीनों की मरम्मत न होने से जनता को इस तपती गर्मी में शीतल जल के लिए भटकना पड़ रहा है।
इस संबंध में नगर पालिका बीजापुर के सीएमओ बंशीलाल नुरेटी ने बताया कि वाटर कूलर की मरम्मत के लिए आवश्यक सामग्री कम थी, जिसे मंगा लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही शहर के सभी खराब वाटर कूलरों को ठीक कर जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
