बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में 60 प्रतिशत से अधिक मतदान, बेगूसराय से लेकर समस्तीपुर तक मतदाताओं में उत्साह

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार शाम 5 बजे तक 121 विधानसभा सीटों में 3.75 करोड़ मतदाताओं में से 60.18 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बेगूसराय जिले में अब तक सबसे अधिक 67.32 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद समस्तीपुर 66.65 प्रतिशत और मधेपुरा 65.74 प्रतिशत के साथ रहा।

महिलाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुबह-सुबह ही महिला मतदाता मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों में खड़ी नजर आईं और हर्षोल्लास के साथ अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में वोट दिया।

इस दौरान कोलंबिया की दो सदस्यीय टीम भी बिहार में मतदान प्रक्रिया देखने पहुंची। दोनों सदस्य बिहारशरीफ प्रखंड कार्यालय के पिंक बूथ पर पहुंचकर मतदान का निरीक्षण किया।

हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र के 188 नंबर बूथ पर वोट डालने के बाद महिला मतदाता ने सेल्फी ली। लखीसराय विधानसभा सीट के हलसी प्रखंड के मध्य विद्यालय धीरा पूर्वी भाग के बूथ संख्या 338 पर एक महिला नवजात शिशु को गोद में लेकर मतदान केंद्र पहुंची।

प्रथम बार मतदान करने वाली ब्यूटी कुमारी और वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं भी अपने मतदान केंद्र पर कतार में खड़ी दिखीं। दरभंगा के केवटी बूथ संख्या 278, उत्क्रमित मध्य विद्यालय फुलकाही में पूर्व सरपंच गायत्री देवी ने मताधिकार का प्रयोग कर निशान दिखाया।

About The Author