सुकमा में बड़ी सफलता, 15 माओवादी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे

सुकमा. छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों को बड़ी कामयाबी मिलते हुए सुकमा जिले में 15 सक्रिय माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। आत्मसमर्पित माओवादियों पर कुल 48 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें PLGA बटालियन-01 के चार हार्डकोर नक्सली भी शामिल हैं।

आत्मसमर्पण करने वालों में PPCM के चार, SCM के दो, तीन पार्टी सदस्य और आठ अन्य माओवादी शामिल हैं। इनमें पांच महिलाएं और दस पुरुष माओवादी हैं। इनमें से चार पर आठ-आठ लाख, दो पर पांच-पांच लाख, एक पर तीन लाख, एक पर दो लाख और एक पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

आत्मसमर्पित माओवादियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति और पुना मुर्गम योजना से प्रभावित होकर हिंसा का रास्ता छोड़ रहे हैं। तर्रेम और अंसदरी क्षेत्रों में नए सुरक्षा कैंपों की बढ़ी उपस्थिति ने भी उन्हें आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित किया।

इस अभियान में जिला पुलिस बल, DRG, RAF, CRPF की 02, 212, 217 और 223 बटालियन, COBRA 207 तथा विभिन्न खुफिया एजेंसियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

About The Author