महुआ बीनने गए दो ग्रामीणों पर भालू का हमला, एक की हालत गंभीर

लोरमी। महुआ बीनने का सीजन शुरू होते ही जंगलों में ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ने के साथ भालू के हमलों की घटनाएं भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र से सामने आया है, जहां जंगल में महुआ बीनने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया। इस घटना में दोनों ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चेचानडीह गांव निवासी गेंदराम और बिसाहू यादव सुबह महुआ बीनने के लिए भारतपुर जंगल गए थे। इसी दौरान महुआ बीनते समय अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गेंदराम को जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं दूसरे घायल का उपचार स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।

वन विभाग के लोरमी अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों को शासन के नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

About The Author