बीजापुर के युवक अंकित सकनी ने यूपीएससी में हासिल की 816वीं रैंक, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

रायपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम गुदमा के युवक अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, गांव और पूरे बस्तर संभाग के साथ छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंकित सकनी और उनके माता पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंकित ने मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह साबित किया है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करना गौरव और प्रेरणा का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकित की यह उपलब्धि बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए सकारात्मक संदेश है और इससे अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।

About The Author