जगदलपुर में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 29 जनवरी की शाम को कोतवाली थाना क्षेत्र के सनसिटी और बोधघाट थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये नकद सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहचान से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया और आपस में संपर्क के लिए वॉकी-टॉकी का सहारा लिया। इसके बावजूद पुलिस ने शहर में लगे करीब 400 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की।
चोरी की वारदात के बाद आरोपी विशाखापट्टनम फरार हो गए थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान आरोपियों के दोबारा बस्तर के रास्ते रायपुर जाने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर जगदलपुर के पास से सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक खंडारा निवासी पंजाब, विशाल वाल्मीकि निवासी हरियाणा, जबकि नरेंद्र सिंह निवासी भिलाई और विक्की कुमार वर्मा निवासी दुर्ग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महज दो घंटे के भीतर दो बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
