बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, नक्सली कमांडर उधम सिंह ढेर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पेद्दागेलूर के जंगल क्षेत्र में चल रही इस मुठभेड़ में नक्सली कमांडर उधम सिंह के मारे जाने की जानकारी सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के जवानों के साथ नक्सलियों की लगातार फायरिंग हो रही है। मुठभेड़ स्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और एक शव बरामद किया गया है।

मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बीजापुर के एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर खंगाला जा रहा है ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। विस्तृत जानकारी सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद जारी की जाएगी।

About The Author