चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने बढ़ाया पुरोहितों और मुअज्जिनों का मानदेय

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले पुरोहितों और मुअज्जिनों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब दोनों वर्गों को हर महीने 500 रुपये अधिक मानदेय मिलेगा। इस बढ़ोतरी के बाद उनका मासिक मानदेय 2000 रुपये हो गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।

ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा कि पुरोहितों और मुअज्जिनों की सेवाएं समुदायों के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को मजबूत बनाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने उनके मासिक मानदेय में वृद्धि का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पुरोहितों और मुअज्जिनों की ओर से विधिवत जमा किए गए सभी नए आवेदनों को भी राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि सरकार हर समुदाय और हर परंपरा के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि समाज की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को संभालने वाले लोगों को उचित मान्यता और सहयोग मिल सके। इस घोषणा को विधानसभा चुनाव से पहले अहम राजनीतिक कदम के रूप में भी देखा जा रहा है।

About The Author