वन आरक्षक से मारपीट का वीडियो वायरल होने पर एक्शन, जानकारी छुपाने पर डीएफओ ने की बड़ी कार्रवाई
सूरजपुर। जिले में वन आरक्षक से मारपीट और जबरन डांस कराने के वायरल वीडियो मामले में वन विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने वन आरक्षक सुखदेव पैकरा को नोटिस जारी किया है। साथ ही उन्हें देवनगर बीट से हटाकर मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला सूरजपुर वन परिक्षेत्र के देवनगर इलाके का है। देवनगर नर्सरी में कुछ युवकों ने वन आरक्षक सुखदेव पैकरा के साथ मारपीट की थी और उससे जबरन डांस भी कराया था। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते रहे, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आरक्षक ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी अब तक विभाग को नहीं दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है और आरक्षक को देवनगर बीट से हटाकर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। घटना के वायरल वीडियो के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
