जांजगीर में लेखापाल 8 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई जारी
जांजगीर-चांपा। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। एसीबी बिलासपुर इकाई ने जांजगीर जिले के नवागढ़ नगर पंचायत के एक लेखापाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी फर्म द्वारा नगर पंचायत नवागढ़ क्षेत्र में वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान अधोसंरचना और मरम्मत कार्य किए गए थे। इसके एवज में करीब 2 लाख 3 हजार रुपये की बिल राशि का चेक जारी कराने के लिए लेखापाल 16 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता 6 हजार रुपये पहले ही दे चुका था और शेष राशि की मांग की जा रही थी।
शिकायत की जांच के दौरान आरोप सही पाया गया। सत्यापन में आरोपी ने 10 हजार रुपये की जगह 8 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।
20 मार्च को शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने भेजा गया। आरोपी ने जैसे ही 8 हजार रुपये लेकर अपनी कार में रखा, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने ग्राम सेमरा के पास उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।
एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन एसीबी ने जिले के सीएसईबी के ग्रामीण कार्यालय में भी छापेमारी कर तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
