सक्ती में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत, मां ने तीन युवकों पर लगाया आग लगाने का आरोप
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक युवती की आग से झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की मां ने तीन युवकों पर साजिश के तहत आग लगाने और मामले को दबाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के करीब 12 दिन बाद युवती ने अस्पताल में दम तोड़ा, जिसके बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्ती के वार्ड क्रमांक 11 की निवासी दिशा मरावी 24 जनवरी को स्थानीय शिवम होटल में योगेंद्र साहू नामक युवक से मिलने गई थी। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद एक युवक दिशा को सक्ती के बिहान अस्पताल में छोड़कर चला गया। युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर रेफर कर दिया, जहां 2 फरवरी को उसकी मौत हो गई।
मृतका की मां मीना मरावी ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि योगेंद्र साहू ने साजिश के तहत युवती पर तारपीन का तेल डालकर आग लगाई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने युवती पर दबाव बनाया कि वह पुलिस को दिए बयान में खुद जलने की बात कहे और घटना स्थल होटल के बजाय पलगड़ा पहाड़ बताए। डर के कारण युवती ने शुरुआत में वही बयान दिया। इस मामले में बिलासपुर के तारबहार थाने में शून्य पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत पत्र में मृतका की मां ने योगेंद्र साहू के अलावा महेंद्र साहू और आशीष पटेल का भी नाम लिया है। आरोप है कि आशीष पटेल ने ही युवती को कार से अस्पताल पहुंचाया था। मामले में बिलासपुर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
एसडीओपी भुनेश्वरी पैकरा ने बताया कि 24 जनवरी को अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की थी। युवती की मौत के बाद उसकी मां द्वारा सक्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस फिलहाल बिलासपुर के तारबहार थाने से मर्ग डायरी आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
