खैरागढ़ में न्यूड फोटो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाला युवक गिरफ्तार

खैरागढ़। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर एक युवती को न्यूड फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को चिचोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान ग्राम कोलिहापुरी निवासी 26 वर्षीय जनक लाल साहू के रूप में हुई है।

पीड़िता ने लिखित शिकायत में बताया कि अज्ञात व्यक्ति विभिन्न मोबाइल नंबरों से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो व्हाट्सएप तथा इंटरनेट पर वायरल कर रहा था। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों से हुई आरोपी की पहचान

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चौकी प्रभारी योगेश पटेल की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी जनक लाल साहू की पहचान की। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में उपयोग किया गया पोको मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए। आरोपी को न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने और महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author