चलती ट्रेन से गिरकर महाराष्ट्र के युवक की मौत, होली की खुशियां मातम में बदलीं

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के नवे गांव निवासी अंकुश लीलाराम सुनवाने के रूप में हुई है। अकलतरा जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, अंकुश अपने साथियों के साथ ओडिशा के संभलपुर में काम करने गया था। काम खत्म कर वह ट्रेन से वापस लौट रहा था। बताया जा रहा है कि अंकुश सूरज एक्सप्रेस के गेट पर बैठा हुआ था और देर रात तक काम करने की थकान के कारण उसे नींद आ गई। इसी दौरान अकलतरा के पास कापन क्षेत्र में वह अनियंत्रित होकर ट्रेन से नीचे गिर गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। हालांकि, उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गंभीर स्थिति होने के बावजूद युवक को बड़े अस्पताल रेफर करने में देरी की गई।

होली के त्योहार से ठीक पहले हुई इस घटना से मृतक के घर में मातम पसर गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के विस्तृत कारणों की पड़ताल की जा रही है।

About The Author