दुर्ग: नंदिनी-खुंदनी मार्ग पर सूमो एवं पिकअप की भिड़ंत, सूमो चालक की मौत
दुर्ग जिले के नंदिनी-खुंदनी मार्ग पर रविवार शाम सूमो एवं सब्जी से लदी पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में सूमो चालक की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक वाहन में फंस गया तथा मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान गिरहौला निवासी अमन कुमार बंधे (23) के रूप में हुई है। अमन सूमो वाहन से अहिवारा से धमधा की ओर जा रहा था। नंदिनी-खुंदनी के निकट सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप से सूमो की सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे सूमो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को मॉर्च्युरी भिजवाया। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप वाहन सड़क से नीचे उतर गया था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है तथा मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने नंदिनी-खुंदनी मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम एवं गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
