दुर्ग में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पाटन, उतई, अमलेश्वर, नंदनी और रानीतराई क्षेत्रों में सक्रिय थे। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित कुल 6 लाख 15 हजार 820 रुपये का सामान और वारदात में उपयोग किए गए तीन दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से ग्रामीण इलाकों में चोरी की घटनाएं बढ़ने से नागरिकों में डर का माहौल था। इसे चुनौती के रूप में लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से पुलिस ने रायपुर के मठपुरैना निवासी मनीष अमोरिया, जितेंद्र गायकवाड़ और रवि साहू को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में इडली-डोसा बेचने का काम करते थे और इसी दौरान सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ग्राम अछोटी, औसर और गोडपेण्ड्री के सूने घरों से कीमती जेवरात और नकदी चोरी की थी। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और पुरानी वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि लंबी अवधि के लिए घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

About The Author