कोरबा में कुल्हाड़ी से हत्या, कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में सोमवार को एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नंदकुमार पटेल का रक्तरंजित शव आरोपी जयशंकर के घर से लगे बाड़ी के आंगन में पड़ा देखा। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वायड के श्वान ने शव से गंध लेकर सीधे पड़ोसी जयशंकर के घर का रुख किया, जिससे पुलिस का संदेह पुख्ता हो गया। इसके बाद जयशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक नंदकुमार पटेल का आरोपी के घर आना-जाना था और वह आरोपी की पत्नी से हंसी-मजाक व छींटाकशी करता था। रविवार रात जयशंकर के घर लौटने पर इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। आरोप है कि जयशंकर ने नंदकुमार को बाड़ी में ले जाकर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक और आरोपी दोनों ही विवाहित हैं तथा उनके बच्चे भी हैं। इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी कर ली गई है और मामले की विवेचना जारी है।
