रायपुर: गणेश नगर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, तीन सिलेंडर फटने से पहली मंजिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त

रायपुर, 03 दिसंबर। राजधानी के कचना थाना क्षेत्र स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आग इतनी तेजी से फैली कि मकान में रखे तीन गैस सिलेंडर एक के बाद एक जोरदार धमाकों के साथ फट गए। धमाकों की तीव्रता इतनी थी कि पहली मंजिल की सीमेंटेड छत उड़ गई और पूरा फ्लोर मलबे में तब्दील हो गया। मकान के पहले तल पर बने चारों कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, राशन, नकदी, सोने के गहने, जरूरी दस्तावेज और बच्चों का सामान सब कुछ स्वाह हो गया।

आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

मकान में किराए पर रहने वाले मजदूर परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों को फिलहाल रिश्तेदारों और पड़ोसियों के यहां आश्रय दिया गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।

About The Author