मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, कोहरे में 7 बसें और 3 कारें टकराईं, 4 की मौत
मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना बलदेव क्षेत्र के माइलस्टोन 127 के पास 7 बसों और 3 कारों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे चार लोगों की जलकर मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद बसों के भीतर मानव अंग फंसे हुए थे। एक युवक ने बताया कि उसने बस से 8 से 9 शव बाहर निकाले। जली हुई लाशों के अवशेष 17 पॉलिथीन बैग में भरकर अस्पताल भेजे गए हैं, जिनकी पहचान डीएनए परीक्षण के माध्यम से की जाएगी।
हादसे में 66 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक चश्मदीद के अनुसार करीब 20 एंबुलेंस की मदद से लगभग 150 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम ने करीब 6 घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया था, जिसे मलबा हटाने के बाद सामान्य किया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घने कोहरे के कारण एक बस ने अचानक रफ्तार धीमी की, जिसके चलते पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि टक्कर के बाद धमाके जैसी आवाज हुई और लोग जान बचाने के लिए बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूदने लगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
