रायपुर में गेट परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस ने गेट (GATE) परीक्षा में नकल कराने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में तीन छात्र परीक्षा केंद्र के भीतर बैठकर पेपर दे रहे थे, जबकि बाकी तीन आरोपी केंद्र के बाहर से उनकी मदद कर रहे थे।
पुलिस जांच में पता चला है कि नकल के लिए आधुनिक और बेहद सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस का उपयोग किया जा रहा था। यह डिवाइस आकार में इतना छोटा था कि इसे सामान्य तौर पर पहचानना नामुमकिन था। परीक्षा दे रहे छात्र इन डिवाइस के माध्यम से प्रश्नों को बाहर बैठे अपने साथियों तक पहुंचाते थे। इसके बाद बाहर मौजूद आरोपी गूगल के जरिए सही उत्तर खोजकर छात्रों को वापस बताते थे।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड भी हरियाणा में सक्रिय है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
