प्रार्थना सभा को लेकर राजनांदगांव में विवाद, पुलिस ने संभाली स्थिति
:
राजनांदगांव। शहर के मोतीपुर वार्ड नंबर 2 स्थित बड़ा तालाब रोड पर एक मकान में रविवार को आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया। विरोध के चलते मौके पर हंगामा हुआ और माहौल गर्मा गया।
हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि उक्त मकान में धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही थीं और लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। उन्होंने ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त न करने की बात कही।
वहीं मकान मालिक का कहना था कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और हर नागरिक को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता है। उनके अनुसार घर में प्रार्थना सभा आयोजित करना किसी भी तरह से गलत नहीं है और इसका विरोध अनुचित है।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू और चिखली चौकी प्रभारी कैलाश मरई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को करीब तीन घंटे तक समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत कराया गया।
