सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्ति की डेडलाइन तय, गृहमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर के विकास और सुरक्षा पर दिया जोर
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। दौरे के दौरान आज वे रायपुर में एक निजी होटल में लंबे समय से प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलवाद से निपटने और विकास संबंधी विभागीय समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 31 मार्च 2026 से पहले यह अंतिम बड़ी बैठक है। इसमें लेफ्ट विंग एक्सट्रीमिज्म (एलडब्ल्यूई) प्रभावित राज्यों के डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दो प्रमुख एजेंडे हैं। पहला, 31 मार्च 2026 की समयसीमा तक सशस्त्र नक्सलवाद से पूर्ण रूप से मुक्ति कैसे हासिल की जाए। दूसरा, बस्तर में रुके हुए विकास को कैसे गति दी जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर में विकास की शुरुआत आजीविका से की जाएगी। बस्तर पंडुम का आयोजन भी पूरे बस्तर के संवर्धन और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए किया गया है।
भूपेश बघेल के पंजाब में दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल को पहले राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि उन्होंने सिखों को गद्दार कहा था, तो उस पर क्या कहना चाहिए। पंजाब जाकर इस तरह की बातें करने से पहले उन्हें राहुल गांधी से स्पष्टीकरण ले लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे से पहली विभागीय समीक्षा बैठक शुरू होगी, जो दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी। दूसरी बैठक 12:45 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक भोजन अवकाश रहेगा।
