दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू होने को तैयार, फरवरी में मुख्यमंत्री करेंगी उद्घाटन
दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज का निर्माण कार्य मुंबई में लगभग पूरा हो चुका है तथा यह सेवा जल्द ही दिल्लीवासियों के लिए उपलब्ध होगी।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि क्रूज यमुना नदी में संचालित किया जाएगा तथा इसका निर्माण मुंबई में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्रूज अब लगभग तैयार है तथा 20 जनवरी को मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना होगा। क्रूज को दिल्ली पहुंचने में लगभग चार से पांच दिन का समय लगेगा।
पर्यटन मंत्री के अनुसार फरवरी माह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस क्रूज सेवा का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। उद्घाटन के बाद दिल्ली के नागरिक यमुना नदी में क्रूज यात्रा का आनंद ले सकेंगे।
कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज के लिए सोनिया विहार में जेट्टी तैयार कर ली गई है। क्रूज का प्रारंभिक बिंदु वजीराबाद के अपस्ट्रीम क्षेत्र में होगा। एक बार की क्रूज यात्रा लगभग एक घंटे की होगी तथा इसमें एक साथ 40 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी।
इस परियोजना के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं तथा सेवा शुरू होने से दिल्ली में पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
