उदयपुर पैलेस में तैनात सीएएफ जवान ने सर्विस रायफल से खुद को गोली मारी
खैरागढ़। जिले के छुईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही परिसर में अफरा तफरी मच गई। साथी जवानों ने उसे खून से लथपथ हालत में पाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38) के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का निवासी था। घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच की बताई जा रही है। इस घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावार ने की है।
जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और खैरागढ़ स्थित कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए सीएएफ के जवानों की तैनाती की गई है और अलग अलग शिफ्ट में उनकी ड्यूटी लगाई जाती है।
बताया जा रहा है कि सोमवार को भी कृपाचंद सोनवानी सामान्य दिनों की तरह अपनी ड्यूटी पर तैनात था। साथी जवानों के अनुसार वह कुछ समय से तनाव में दिखाई दे रहा था, लेकिन इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी दौरान शाम को अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर जब साथी जवान मौके पर पहुंचे तो कृपाचंद सोनवानी जमीन पर खून से लथपथ पड़ा मिला। उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद पर गोली चला ली थी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
