रायगढ़ में खड़े ट्रेलर से बोलेरो टकराई, दो की मौत, चार घायल
रायगढ़। कोड़ातराई रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो वाहन के खड़े ट्रेलर से टकरा जाने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़गांव निवासी कौशल मालाकार (42), मनोहर नंदा (55), उजेता डोंगरे (26), राज एक्का (13), देव अगरिया (13) और अभय सारथी (17) किसी कार्य से बोलेरो में सवार होकर रायपुर गए थे। मंगलवार रात सभी बोलेरो से वापस लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे जब वाहन कोड़ातराई चौक के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से बोलेरो पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बोलेरो सवार कौशल मालाकार और मनोहर नंदा को सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उजेता डोंगरे, राज एक्का, देव अगरिया और अभय सारथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और जूटमिल थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
