नक्सलियों के लगाए प्रेशर आईईडी विस्फोट में 15 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय ग्रामीण बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट में उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल बालक को तत्काल 222 बटालियन केरिपु कैंप कोरचोली में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम, पिता स्वर्गीय लच्छु पोटाम, उम्र 15 वर्ष, सुबह लेंड्रा-कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर घूमने गया था। इसी दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी में विस्फोट हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

उल्लेखनीय है कि सुरक्षा बल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सघन सर्चिंग अभियान चला रहे हैं और माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी को खोजकर निष्क्रिय करने की कार्रवाई कर रहे हैं, ताकि ग्रामीणों एवं सुरक्षा बलों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। इसके बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से ग्रामीणों और जवानों के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

About The Author