British Airways Flight Emergency: लंदन-शिकागो फ्लाइट में इमरजेंसी, 9 हजार फीट नीचे आया विमान; Squawk 7700 सिग्नल से मचा हड़कंप
नई दिल्ली। लंदन से शिकागो जा रही British Airways की फ्लाइट BA295 में सोमवार को आयरलैंड के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को Squawk 7700 इमरजेंसी सिग्नल भेजा। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान अपनी निर्धारित ऊंचाई से करीब 9,000 फीट नीचे आ गया, जिसके बाद पायलटों ने विमान को वापस लंदन की ओर मोड़ दिया।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद भेजा Squawk 7700
रिपोर्ट के मुताबिक, बोइंग 777-200ER विमान ने लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के टर्मिनल-5 से स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:50 बजे उड़ान भरी थी। इसे शिकागो पहुंचने में लगभग 8 घंटे 40 मिनट का समय लगना था।
हालांकि, उड़ान के कुछ समय बाद विमान ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को Squawk 7700 सिग्नल भेज दिया। इसके बाद क्रू ने विमान को वापस लंदन ले जाने का फैसला किया।
9 हजार फीट नीचे क्यों आया विमान?
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा में विमान के अपनी निर्धारित ऊंचाई से करीब 9,000 फीट नीचे आने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, विमान को इतनी ऊंचाई नीचे लाने के पीछे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
British Airways की ओर से फिलहाल इमरजेंसी की प्रकृति या तकनीकी कारण को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। विमान में किसी तकनीकी खराबी, मेडिकल इमरजेंसी या अन्य ऑपरेशनल समस्या के कारण यह कदम उठाया गया था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
क्या होता है Squawk 7700?
Squawk 7700 विमान का एक मानक इमरजेंसी ट्रांसपोंडर कोड है। पायलट द्वारा इसे सक्रिय किए जाने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को संकेत मिलता है कि विमान में सामान्य आपात स्थिति उत्पन्न हुई है और क्रू को सहायता की आवश्यकता हो सकती है।
हालांकि, Squawk 7700 इमरजेंसी की वजह नहीं बताता। इसके पीछे तकनीकी खराबी, मेडिकल समस्या या अन्य परिचालन संबंधी परेशानी हो सकती है।
कुछ दिन पहले Flydubai की फ्लाइट ने भी भेजा था 7700 सिग्नल
यह घटना Flydubai की फ्लाइट FZ1073 में सामने आई इमरजेंसी के कुछ दिन बाद हुई है। 30 सितंबर को इस विमान ने भी Squawk 7700 सिग्नल भेजा था और बाद में अपना मार्ग बदलकर तबुक की ओर रुख किया था।
फिलहाल British Airways की फ्लाइट BA295 के मामले में इमरजेंसी का वास्तविक कारण स्पष्ट होने का इंतजार है।
