CG News: सिंगापुर में छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ के FDI प्रस्ताव, AI डेटा सेंटर में ₹41,750 करोड़ का निवेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सिंगापुर में आयोजित पहले Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में छत्तीसगढ़ को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुई हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव AI-Ready Data Center Campus के लिए ₹41,750 करोड़ का है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर राज्य ने इस अंतरराष्ट्रीय निवेश मंच में सहभागिता की।
100 मेगावाट का AI-Ready डेटा सेंटर कैंपस बनेगा

सिंगापुर मुख्यालय वाली Energy Capital Global Private Limited ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-Ready Data Center Campus स्थापित करने के लिए ₹41,750 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धता जताई है।
कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-Ready डेटा सेंटर के विकास और वित्तपोषण के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी की उपस्थिति सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।
फोरम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कंपनी को ‘Invitation to Invest’ सौंपा।
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बढ़ती ताकत
यह निवेश प्रस्ताव राज्य में डिजिटल क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों को नई गति देने वाला माना जा रहा है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छत्तीसगढ़ में पहले से ही भारत का पहला AI Data Center Park स्थापित है।
नए AI-Ready Data Center Campus और मौजूदा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ छत्तीसगढ़ को देश के उभरते डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मध्य भारत का सबसे बड़ा AI-Ready डेटा सेंटर बनाने की तैयारी
Energy Capital Global के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने इसे दीर्घकालिक साझेदारी की शुरुआत बताते हुए मध्य भारत में बड़े AI-Ready Data Center Campus के विकास की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कंपनी राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने के साथ-साथ डेटा सेंटर संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में भी काम करेगी।
सोलर और बैटरी स्टोरेज सेक्टर में ₹1,500 करोड़ का निवेश प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ को Sunstream Green Energy Private Limited से भी ₹1,500 करोड़ के FDI निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह निवेश सोलर क्षेत्र के साथ-साथ बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के लिए प्रस्तावित है।
इससे राज्य में स्वच्छ ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
CM साय बोले- निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ पर बढ़ते भरोसे का प्रमाण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और प्रदेश के लोगों के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि इन निवेशों से राज्य में युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
450 से अधिक सुधारों का उल्लेख
मुख्यमंत्री साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की समस्याओं को समझने के लिए सीधे उद्योग जगत से संवाद करती है और उसी के अनुरूप व्यवस्थाओं में बदलाव करती है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और यह ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय शासन व्यवस्था के चलते छत्तीसगढ़ को पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
वैश्विक कंपनियों की मौजूदगी
SING Forum 2026 में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय एवं व्यापार और उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में Mastercard, IHCL (Taj Hotels) और Nestlé सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
जल पुनर्चक्रण और फूड प्रोसेसिंग पर भी हुई चर्चा
फोरम से इतर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने Aquatech और Adroit Overseas Private Limited के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।
इन बैठकों में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
6 अक्टूबर को CEO Roundtable में निवेशकों से मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 6 अक्टूबर 2026 को आयोजित CEO Roundtable में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस बैठक का उद्देश्य SING Forum के दौरान बनी निवेश की गति को आगे बढ़ाना और छत्तीसगढ़ में नए निवेश अवसरों को मजबूत करना है।
