यूथ इनोवेशन कॉन्क्लेव में CM साय ने युवाओं को दिया संदेश, कहा- नवाचार को अवसर मिला तो मजबूत होगा विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

रायपुर। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा कि इन्क्यूबेशन सेंटर प्रदेश के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और स्टार्टअप्स के लिए केवल एक प्रयोगशाला नहीं, बल्कि ‘आइडिया से इनोवेशन और इनोवेशन से एंटरप्राइज’ तक की यात्रा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। यहां युवा अपने नवाचारी विचारों को अनुसंधान से आगे बढ़ाकर उपयोगी उत्पादों और सफल उद्यमों में बदल सकेंगे।

इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से स्टार्टअप्स को मेंट​रिंग, हैंडहोल्डिंग, तकनीक हस्तांतरण, उत्पाद विकास और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थियों को डिसर्टेशन और इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह केंद्र अनुसंधान और उद्योग के बीच मजबूत सेतु के रूप में काम करेगा और कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के इनोवेशन इकोसिस्टम को नई गति देगा।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण

मुख्यमंत्री साय ने इन्क्यूबेशन सेंटर परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मौलश्री का पौधा भी रोपा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का संदेश दिया।

एग्रीटेक से AI और डीप-टेक तक नवाचारों का मंच बना कॉन्क्लेव

तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव में कृषि एवं एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन, जैव प्रौद्योगिकी, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप-टेक, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों से जुड़े स्टार्टअप्स अपने नवाचारों, तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कॉन्क्लेव के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, नवाचारकर्ताओं, स्टार्टअप्स, निवेशकों और उद्योग जगत को साझा मंच मिला है। यहां नए विचारों को तकनीक, बाजार और निवेश से जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है।

युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और सही मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों और संकल्पों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और उद्यमिता के बल पर न केवल स्वयं आगे बढ़ेंगे, बल्कि हजारों अन्य युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर भी पैदा करेंगे।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा आगे बढ़ेंगे तो छत्तीसगढ़ आगे बढ़ेगा और युवाओं के नवाचार को अवसर मिलेगा तो वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प और मजबूत होगा।

इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, युवा उद्यमी, स्टार्टअप प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author