कल्याण हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री साय बोले- गरीब, महिला, किसान, श्रमिक और युवाओं के जीवन में बदलाव लाना सरकार का लक्ष्य

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, महिला, श्रमिक, किसान, युवा और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक परिवार को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रदेश में प्रतिदिन बन रहे करीब 1600 प्रधानमंत्री आवास

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने 18 लाख गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि आवास जैसी बुनियादी सुविधा गरीब परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि योजना की 31 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राही महिलाओं को दी जा चुकी है।

भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये

मुख्यमंत्री साय के अनुसार प्रदेश के 5.60 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण की दर बढ़ाने के साथ चरण पादुका योजना को भी फिर से शुरू किया गया है, जिससे संबंधित हितग्राहियों को सहायता मिल सके।

50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए श्रीरामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री ने श्री रामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य विभिन्न वर्गों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को भी आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने के लिए सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

नक्सलवाद के खिलाफ सफलता से खुले विकास के नए रास्ते

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में एक बड़ी बाधा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री के अनुसार इससे विशेष रूप से उन क्षेत्रों में विकास के नए अवसर खुले हैं, जो लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं और विकास के अवसरों से वंचित रहे।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत होने से उन क्षेत्रों तक विकास योजनाओं को पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ी हैं, जहां पहले परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं। सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाना है।

About The Author