जल जीवन मिशन के शेष कार्य मिशन मोड में पूरे करें, हर घर तक पहुंचे स्वच्छ पेयजल: सीएम विष्णुदेव साय

कलेक्टरों को नियमित समीक्षा के निर्देश, पूर्ण कार्यों के भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के प्रत्येक परिवार तक नल के माध्यम से पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के शेष कार्यों को मिशन मोड में तेजी से पूरा किया जाए, ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल की सुविधा पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कलेक्टर अपने-अपने जिलों में जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित समीक्षा करें। जहां भी प्रशासनिक, तकनीकी अथवा क्रियान्वयन से जुड़ी बाधाएं सामने आ रही हैं, उनका तत्काल समाधान करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए।

केवल नल लगाना नहीं, हर घर तक पहुंचे नियमित पानी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अधोसंरचना का निर्माण करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को नियमित रूप से पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो, इसके लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

पूर्ण कार्यों के भुगतान में न हो अनावश्यक विलंब

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यों को निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा किया जा चुका है, उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर मिशन की नियमित समीक्षा करते हुए प्रेजेंटेशन में सामने आई कमियों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। योजना से जुड़े सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शेष कार्यों को गति दी जाए।

हर जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता बने जल सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने जिलों में जल संरक्षण और हर घर तक नल से पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और जल उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

जल संरक्षण से भविष्य की पीढ़ियों की होगी सुरक्षा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जल संचय जन भागीदारी अभियान और जल जीवन मिशन सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़े हुए हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जहां वर्तमान में लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी, वहीं भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा की मजबूत नींव भी तैयार होगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पास जल संरक्षण के क्षेत्र में देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत करने का अवसर है। इसके लिए शासन और प्रशासन के साथ-साथ जनभागीदारी को भी और मजबूत करना होगा।

ऐसा छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य जहां हर घर तक पहुंचे स्वच्छ पानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले को अपनी पूरी क्षमता के साथ जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां जल का बेहतर संरक्षण हो, जल स्रोत सुरक्षित और समृद्ध हों तथा प्रत्येक परिवार को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो।

बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, जल संसाधन विभाग के सचिव आर. एस. टोप्पो, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव अब्दुल कैसर हक, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, संयुक्त सचिव प्रभात मलिक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author