कुशाभाऊ ठाकरे जयंती पर मुख्यमंत्री साय ने किया नमन, बोले—राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा जीवन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र तथा समाज के प्रति अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। सादगी, अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव उनके व्यक्तित्व की विशिष्ट पहचान थे। उन्होंने अपने आचरण और कार्यशैली से सार्वजनिक जीवन में उच्च आदर्श स्थापित किए, जो आज भी समाज और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए प्रेरणादायी हैं।
संगठन को मजबूत करने के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंची सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे ने संगठन को मजबूत बनाने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका मानना था कि सार्वजनिक जीवन का वास्तविक उद्देश्य समाज और राष्ट्र की सेवा है। यही कारण है कि उनके विचार और जीवन-मूल्य आज भी जनसेवा से जुड़े लोगों को निरंतर प्रेरणा देते हैं।
राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने का अवसर है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और विकसित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जनसेवा की प्रेरणा बताया।
