पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री साय ने अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि, कहा—सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्रसेवा के उनके आदर्शों पर आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने अटल जी के विराट व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता और प्रदेशवासियों की भावनाओं को सम्मान देने वाले महान राष्ट्रनायक थे। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ को अलग राज्य के रूप में पहचान मिली। उन्होंने कहा कि पृथक छत्तीसगढ़ का निर्माण प्रदेश के इतिहास की ऐसी ऐतिहासिक घटना है, जिसे सदैव स्वर्ण अक्षरों में याद किया जाएगा।
अटल जी से मिले स्नेह और मार्गदर्शन को मुख्यमंत्री ने किया याद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से रिश्ता केवल राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके मन में प्रदेश और यहां के लोगों के प्रति गहरा आत्मीय स्नेह था। मुख्यमंत्री ने अटल जी के साथ अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उनकी प्रेरणा आज भी जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की शक्ति देती है।
संवेदनशीलता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे अटल जी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। वे संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे। दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उन्होंने सभी वर्गों का सम्मान और विश्वास अर्जित किया।
उन्होंने कहा कि वैचारिक दृढ़ता के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और संवाद अटल जी के सार्वजनिक जीवन की पहचान रहे। राष्ट्रहित उनके लिए सर्वोच्च था और मां भारती की सेवा ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य रही।
गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज के उत्थान पर दिया जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाकर विकास की ऐसी विरासत तैयार की, जो आज भी देश को दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए गांवों को बेहतर सड़कों से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण भारत के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति दी।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता देते हुए अटल जी के कार्यकाल में पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। यह उनके जनजातीय समुदायों के अधिकारों और आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है।
‘अटल जी के सपनों का विकसित छत्तीसगढ़ बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की नींव रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के उनके मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन, विचार और आदर्श नेतृत्व सदैव देश और छत्तीसगढ़ को प्रेरणा देते रहेंगे। उनके सपनों के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित रहे
