छत्तीसगढ़ में 700 शिक्षकों का तबादला, 1600 नामों से शुरू हुई थी प्रक्रिया, 400 नाम हुए बाहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लंबे समय से चले आ रहे तबादले के इंतजार पर आखिरकार विराम लग गया है। शिक्षा विभाग ने प्रदेश में करीब 700 शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। कई चरणों की जांच, परीक्षण और निर्धारित मापदंडों के आधार पर अंतिम सूची तैयार करने के बाद शिक्षकों को नई पदस्थापना दी गई है।

जानकारी के अनुसार, तबादले के लिए तैयार की गई प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम शामिल थे। इसके बाद विभाग ने सूची की समीक्षा कर इसे संशोधित किया और लगभग 1,000 नामों की सूची तैयार की गई। अंतिम परीक्षण के दौरान निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतरने वाले करीब 400 नामों को सूची से बाहर कर दिया गया। इसके बाद शेष करीब 700 शिक्षकों के तबादला आदेश जारी किए गए।

छात्रहित और स्कूलों की व्यवस्था को दी गई प्राथमिकता

शिक्षा विभाग ने तबादला प्रक्रिया में विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था को प्राथमिकता दी। विभाग ने ऐसे मामलों को अंतिम सूची से बाहर रखा, जिनमें शिक्षक के स्थानांतरण के बाद संबंधित स्कूल शिक्षकविहीन हो सकता था।

इसके अलावा युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षकों, एकल शिक्षकीय स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों तथा अन्य संवेदनशील मामलों का भी परीक्षण किया गया। अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण और अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के मामलों को भी निर्धारित मापदंडों के आधार पर देखा गया।

विभाग का उद्देश्य रहा कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण के कारण स्कूल में शिक्षकों की कमी न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो।

कई स्तरों की जांच के बाद जारी हुई अंतिम सूची

तबादले के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इसके बाद प्रत्येक प्रकरण की विभागीय स्तर पर जांच और समीक्षा की गई।

प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तैयार होने तक कई स्तरों पर परीक्षण किया गया। इसी प्रक्रिया के दौरान करीब 400 नामों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर अंतिम सूची से बाहर कर दिया गया।

अब ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम लागू करने की तैयारी

वर्तमान तबादला प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग भविष्य में ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम लागू करने पर भी विचार कर रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन, आवेदन की निगरानी और समयबद्ध निराकरण को अधिक पारदर्शी बनाया जा सकेगा। विभाग अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन तबादला प्रणालियों का भी अध्ययन कर रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण के बाद इस व्यवस्था को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा

About The Author