CM डॉ. मोहन यादव 7 अगस्त को छिंदवाड़ा में करेंगे ‘जन-विश्वास’ अभियान की शुरुआत, शिकायतकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने पहले ‘जन-विश्वास दौरे’ के तहत शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को छिंदवाड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिला स्तरीय ‘समाधान कार्यक्रम’ में शामिल होकर सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के चयनित शिकायतकर्ताओं से आमने-सामने संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान की वास्तविक स्थिति की समीक्षा करेंगे।

राज्य सरकार के इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाना है। कार्यक्रम से पहले शिकायतों का गहन परीक्षण कर उनका प्राथमिक स्तर पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिन शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, उनके चयनित हितग्राहियों को मुख्यमंत्री के समक्ष आमंत्रित किया जाएगा, जहां वे स्वयं समाधान की गुणवत्ता और संतुष्टि का फीडबैक लेंगे।

विकास कार्यों की भी होगी समीक्षा

छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों के साथ बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों पर चर्चा होगी, ताकि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

उद्योग जगत से भी करेंगे संवाद

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जिले के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ ‘उद्योग संवाद’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इस दौरान निवेश, रोजगार, औद्योगिक विकास और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

सुशासन की दिशा में नई पहल

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना, शासन के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करना है। मुख्यमंत्री का यह दौरा उत्तरदायी, पारदर्शी और जनकेंद्रित सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

About The Author