मध्यप्रदेश से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान आज, CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

भोपाल। मध्यप्रदेश को आज अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर से आबू धाबी के लिए प्रदेश की पहली अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे। यह सेवा मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की जा रही है और इसे एयर इंडिया एक्सप्रेस संचालित करेगी।

यह नई उड़ान इंदौर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी आबू धाबी से सीधे जोड़ेगी। सेवा सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार—उपलब्ध रहेगी।

3 घंटे 15 मिनट में पहुंचेगा आबू धाबी

अब तक इंदौर से आबू धाबी जाने वाले यात्रियों को दिल्ली या मुंबई के जरिए यात्रा करनी पड़ती थी, जिसमें 7 से 8 घंटे तक का समय लगता था। नई डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने के बाद यह सफर महज 3 घंटे 15 मिनट में पूरा हो सकेगा।

इस नई सेवा से मालवा-निमाड़ क्षेत्र के यात्रियों, प्रवासी भारतीयों, व्यापारियों और उद्योग जगत को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

नागरिक विमानन नीति-2025 का बड़ा कदम

राज्य सरकार की मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 4 मार्गों पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जबकि शेष मार्गों पर भी जल्द उड़ानें शुरू होंगी।

इंदौर-आबू धाबी उड़ान की शुरुआत प्रदेश की विमानन नीति की सफलता और एयरलाइंस कंपनियों के बढ़ते भरोसे का संकेत मानी जा रही है।

एयरलाइंस को मिल रही विशेष प्रोत्साहन सुविधाएं

नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत राज्य सरकार विमानन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई प्रोत्साहन दे रही है।

  • नए घरेलू हवाई मार्गों के लिए 10 लाख रुपये तक वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF)।
  • अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपये तक VGF सहायता।
  • राज्य के हवाई अड्डों पर रात्रि पार्किंग करने वाले विमानों के लिए एटीएफ (ATF) पर प्रभावी VAT केवल 1%
  • एमआरओ (Maintenance, Repair & Overhaul) परियोजनाओं पर 40% तक पूंजीगत सब्सिडी
  • एयर कार्गो परियोजनाओं के लिए भी पूंजीगत सहायता।
  • उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (FTO) को सिमुलेटर स्थापना पर 40% तक सब्सिडी
  • गैर-सिमुलेटर प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए फीस का 60% (अधिकतम ₹1 लाख) तक वित्तीय सहयोग।

प्रदेश को मिलेगा वैश्विक कनेक्टिविटी का लाभ

सरकार का मानना है कि इंदौर-आबू धाबी सीधी उड़ान शुरू होने से मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे पर्यटन, निर्यात, निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे तथा भविष्य में अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रास्ता भी खुलेगा।

About The Author