इंदौर के रिद्धेश बेंडले समेत 5 भारतीय छात्रों ने जीता गोल्ड, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई
भोपाल। कोलंबिया के बुकारामांगा में आयोजित 56वीं इंटरनेशनल फ़िज़िक्स ओलंपियाड (International Physics Olympiad-IPhO 2026) में भारत के प्रतिभाशाली छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इंदौर के रिद्धेश अनंत बेंडले सहित कनिष्क जैन, ऋषित गर्ग, श्रेष्ठा सुरैया और स्वरित जोशी ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
मुख्यमंत्री बोले- युवाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत के इन प्रतिभाशाली युवाओं ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराकर पूरे प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल इन विद्यार्थियों की सफलता नहीं, बल्कि देश की वैज्ञानिक क्षमता और युवा प्रतिभा का प्रतीक है। उनकी यह ऐतिहासिक सफलता अन्य छात्रों को भी विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने सभी विजेता विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी देश का नाम विश्वभर में रोशन करेंगे।
