आरोग्य सेतु 2.0 लॉन्च: स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शुरू कीं कई नई डिजिटल हेल्थ सेवाएं, मध्यप्रदेश को मिलेंगी MRI और AI एक्स-रे मशीनें
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने देश की डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित ‘डिजिटल हेल्थ इनिशिएटिव्स लॉन्च कार्यक्रम’ में आरोग्य सेतु 2.0 सहित कई नई डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का शुभारंभ किया। इन पहलों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी, एकीकृत और नागरिक-केंद्रित बनाना है।
आरोग्य सेतु 2.0 समेत कई डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म लॉन्च
कार्यक्रम में लॉन्च की गई प्रमुख डिजिटल स्वास्थ्य पहलें—
- आरोग्य सेतु 2.0
- आयुष्मान ऐप
- आयुष्मान सारथी व्हाट्सएप चैटबॉट
- नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज (NHCX)
- यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस (UHI)
- ई-सुश्रुत क्लिनिक
- ड्रग रजिस्ट्री
- कॉमन LOINC कोड्स फॉर इंडिया (CLCI)
- भारत हेल्थ टर्मिनोलॉजी सर्विस (BHTS)
90 करोड़ से अधिक आभा खाते बने
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि भारत में अब तक 90 करोड़ से अधिक ABHA (आभा) खाते और 100 करोड़ से ज्यादा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किए जा चुके हैं। इससे भारत दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम वाले देशों में शामिल हो गया है।
उन्होंने बताया कि आरोग्य सेतु 2.0 के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित लोगों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मध्यप्रदेश को मिलेंगी अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक मशीनें
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके तहत अगले तीन वर्षों में PM-CARES के माध्यम से मध्यप्रदेश को—
- 13 MRI मशीनें
- 11 मैमोग्राफी मशीनें
- 308 AI-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे उपकरण
उपलब्ध कराए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन अत्याधुनिक उपकरणों से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में कई गणमान्य रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, अनुप्रिया पटेल, नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. एम. श्रीनिवास, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव, आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के सीईओ डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
