राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026: साइबर सुरक्षा श्रेणी में मध्यप्रदेश को मिला रजत पुरस्कार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी बधाई
भोपाल। मध्यप्रदेश ने डिजिटल सुशासन की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के तहत साइबर सुरक्षा श्रेणी में प्रतिष्ठित रजत पुरस्कार प्राप्त किया है। इस उपलब्धि की जानकारी नगरीय विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को समत्व भवन में भेंट के दौरान दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, आयुक्त संकेत भोंडवे, अपर आयुक्त दिव्यांक सिंह सहित विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश में डिजिटल सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और नागरिक-केंद्रित सेवाओं के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
ई-नगरपालिका प्लेटफॉर्म बना सफलता का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा विकसित ई-नगरपालिका प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से नगरीय प्रशासन की सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है। इससे नागरिकों को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ तेजी और सुविधा के साथ मिल रहा है।
साइबर सुरक्षा और डिजिटल नवाचार में बनाई राष्ट्रीय पहचान
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मजबूत साइबर सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षित डेटा प्रबंधन और भरोसेमंद डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने विभाग के ई-गवर्नेंस और डिजिटल नवाचार से जुड़े प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने की अपेक्षा जताई।
