जशपुर में लो-वोल्टेज की समस्या का हुआ समाधान, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से बदला गया ट्रांसफार्मर
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से जशपुर जिले के पत्थलगांव स्थित प्रेमनगर मोहल्ले में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कर दिया गया है। विद्युत विभाग ने कम क्षमता वाले पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो गई और लोगों को बड़ी राहत मिली।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में की गई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर के रहवासियों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि पूरे मोहल्ले में केवल एक ट्रांसफार्मर होने के कारण कई दिनों से लगातार लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। इसके चलते घरों में लगे पंखे, कूलर, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे थे।
पेयजल संकट से भी जूझ रहे थे लोग
कम वोल्टेज के कारण कुओं और बोरवेल की मोटरें भी संचालित नहीं हो पा रही थीं, जिससे मोहल्ले में पेयजल संकट गहरा गया था। दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करना स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
निर्देश मिलते ही हरकत में आया विद्युत विभाग
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश प्राप्त होते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया।
नए ट्रांसफार्मर के चालू होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई और लो-वोल्टेज की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
समस्या के त्वरित समाधान पर प्रेमनगर के नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर हुई कार्रवाई से न केवल बिजली व्यवस्था सुचारू हुई, बल्कि पेयजल संकट से भी राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की संवेदनशील कार्यशैली और त्वरित समाधान की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
जनसमस्याओं के समाधान में निभा रहा अहम भूमिका
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। त्वरित कार्रवाई से आमजन को समय पर राहत मिल रही है और शासन के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
