कोरबा को मिली 37.28 करोड़ की सौगात, 116 विकास कार्यों से बदलेगी शहर की तस्वीर
कोरबा। कोरबा शहर के समग्र विकास को नई गति देने के लिए नगर पालिक निगम को 15वें वित्त आयोग के तहत 37 करोड़ 28 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले 116 विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। नगर विधायक एवं वाणिज्य, उद्योग, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के विशेष प्रयासों से इन प्रस्तावों को राज्य शासन से मंजूरी मिली है। इन कार्यों के पूरा होने से शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से मिली मंजूरी
नगर निगम कोरबा ने अप्रैल 2026 में विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे थे। इन प्रस्तावों की शीघ्र स्वीकृति के लिए मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर तत्काल मंजूरी का आग्रह किया। इसके बाद सभी 116 विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
हर वार्ड में सड़क, नाली और जल निकासी के होंगे काम
स्वीकृत कार्यों में शहर के सभी वार्डों में सीसी सड़क, आरसीसी नाली, जल निकासी व्यवस्था, पेयजल प्रबंधन, सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं। गली-गली तक सड़क और नाली निर्माण होने से वर्षों पुरानी जलभराव और आवागमन की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
कोरबा के विकास पर अब तक 1000 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति
मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि उनके नेतृत्व में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अब तक लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। इन परियोजनाओं का लाभ अब शहर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
‘ट्रिपल इंजन सरकार’ से तेज हुआ विकास
मंत्री देवांगन ने कहा कि अब ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से बड़े अधोसंरचनात्मक कार्यों के साथ-साथ गली-मोहल्लों की छोटी-छोटी समस्याओं का भी तेजी से समाधान किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोरबा का कोई भी वार्ड विकास से अछूता न रहे और प्रत्येक नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलें।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का जताया आभार
मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी शहर के सर्वांगीण विकास के लिए इसी तरह निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
